चमोली
जनपद के विकासखंड जोशीमठ की सीमांत न्याय पंचायत तपोवन क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य आयुषी बुटोला ने लोकसभा सांसद अनिल बलूनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सीमांत गांवों में मोबाइल नेटवर्क सड़क जैसी तमाम समस्याओं से अवगत कराया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि न्याय पंचायत तपोवन के अंतर्गत ग्राम पंचायत सुभाई (भविष्य बदरी), नीति घाटी के अंतिम गांव, पैंग, कागा, करछी, रेणी, द्रोणागिरी, जुम्मा तथा विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल लाटू देवता मंदिर (वाण) सहित कई क्षेत्रों में आज भी मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी संचार संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

बैठक में ढाक वार्ड के अंतर्गत न्याय पंचायत मलारी और न्याय पंचायत तपोवन की सभी ग्राम सभाओं को वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई गई, ताकि सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। साथ ही दूरस्थ गांवों में मोबाइल नेटवर्क और दूरसंचार सेवाओं के विस्तार के लिए नए टावर स्थापित करने का आग्रह भी किया गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत लेकिन लंबित सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू कराने पर भी चर्चा हुई। जोशीमठ स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जोशीमठ में बढ़ते यातायात और पार्किंग संकट के समाधान के लिए आधुनिक वाहन पार्किंग निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया गया। वहीं सलूड होते हुए औली मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने का मुद्दा भी उठाया गया, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ होमस्टे, बागवानी और स्थानीय उत्पादों के विकास को नई दिशा मिल सके।

सांसद अनिल बलूनी ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में विश्वास व्यक्त किया गया कि उनके नेतृत्व में इन जनहित के मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक प्रगति होगी।
इस दौरान हरीश भंडारी, अजित कुंवार, प्रदीप भंडारी, नरेंद्र रावत, लक्ष्मण सिंह बुटोला मौजूद रहे।






More Stories
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पेपर लीक मामलों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के प्रधानमंत्री के निर्णय का किया स्वागत
हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत चार प्रमुख परियोजनाओं का विवरण
आज खुले 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित फ्यूला नारायण मंदिर के कपाट, सदियों पुरानी परंपरा आज भी है जीवंत