कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा—नारी शक्ति की भागीदारी से ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव

भाजपा ने आयोजित किया नारी शक्ति वंदन समारोह

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नारी शक्ति के सम्मान, स्वाभिमान एवं सशक्तिकरण को समर्पित नारी शक्ति वंदन समारोह का आयोजन किया गया। भूपतवाला के वासुदेव आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे इस अवसर पर बहनों द्वारा मंत्री मदन कौशिक की कलाई पर रक्षा सूत्र भी बांधा गया और उन्हें विजय श्री का आशीर्वाद भी दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, व्यापार, विज्ञान, कला, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश के विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं एवं पहल संचालित की जा रही हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध कराकर ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में देश की आधी आबादी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत होगा।

हरिद्वार नगर निगम की महापौर श्रीमती किरण जैसल ने समारोह में उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि नारी शक्ति केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति भी है। आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share