सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पेपर लीक मामलों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट के प्रधानमंत्री के निर्णय का किया स्वागत

बुलंद आवाज न्यूज़ 

देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक के मामलों में दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे देश के युवाओं के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह निर्णय लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और भविष्य की सुरक्षा के प्रति उनकी तथा केंद्र सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना से पेपर लीक के मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा, दोषियों को समयबद्ध एवं कठोर दंड मिलेगा और भविष्य में ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया X पर कहा, “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए केसों के त्वरित निस्तारण हेतु फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हमारी यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस निर्णय से प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और मजबूती मिलेगी तथा देशभर के युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास और सुदृढ़ होगा।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share