केदारनाथ पैदल मार्ग पर पशु चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, घोड़े-खच्चरों के लिए बने शेड का लोकार्पण

बुलंद आवाज न्यूज़

देहरादून

श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों और पशुओं की सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गौरीकुंड, बड़ी लिनचोली और रुद्रा प्वाइंट जैसे प्रमुख पड़ावों पर नव निर्मित पशु चिकित्सालयों, कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं तथा घोड़े-खच्चरों के लिए बनाए गए शेड का लोकार्पण प्रदेश के पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।

यह परियोजना नाबार्ड-आरआईडीएफ (RIDF) के वित्त पोषण से वर्ष 2023 में स्वीकृत हुई थी, जिसका निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग, गुप्तकाशी द्वारा पूर्ण किया गया। इस पहल का उद्देश्य केदारनाथ यात्रा मार्ग पर उपयोग में आने वाले अश्व वंशीय पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विश्राम स्थल उपलब्ध कराना है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इन भवनों के निर्माण से विभागीय कर्मचारियों को अब आवासीय सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी, जिससे वे यात्रा अवधि के दौरान बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकेंगे। साथ ही, लगभग 1000 घोड़े-खच्चरों के लिए विश्राम हेतु शेड की व्यवस्था की गई है, जिससे उनकी देखभाल और स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पशु कल्याण और यात्रियों की सुविधा दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share