चमोली से चार पुलिस अधिकारी हुए स्थानांतरित, पुलिस कार्यालय में दी गई भावभीनी विदाई
एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब यात्रा और विभिन्न मेलों में अधिकारियों के योगदान को किया याद
गोपेश्वर। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के तहत चमोली जिले से चार पुलिस अधिकारियों का दूसरे जनपदों में स्थानांतरण हुआ है। इनके सम्मान में आज पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान निरीक्षक राकेश भट्ट, निरीक्षक चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण और उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी को विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चारों अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है। हर अधिकारी अपने काम और व्यवहार से अपनी पहचान बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी नई तैनाती पर भी पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे।
निरीक्षक राकेश भट्ट वर्ष 2022 से चमोली में तैनात थे। इस दौरान उन्होंने डीसीआरबी प्रभारी और ज्योतिर्मठ व कर्णप्रयाग कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सहित कई जिम्मेदारियां संभालीं। ज्योतिर्मठ में सेवाओं के लिए उन्हें पुलिस महानिदेशक की ओर से सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह दिया गया।
निरीक्षक चित्रगुप्त वर्ष 2025 से चमोली में तैनात थे। उन्होंने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर और थाना गोविंदघाट में सेवाएं दीं। हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा के सफल संचालन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण जून 2022 से चमोली में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने नंदानगर घाट, चमोली, बदरीनाथ, गोविंदघाट, गौचर, पीपलकोटी, आदिबदरी और गैरसैंण सहित कई स्थानों पर जिम्मेदारियां निभाईं। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा के साथ गौचर मेले और पीपलकोटी बंड मेले को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में भी उनका योगदान रहा।
उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी वर्ष 2022 में चमोली आए थे। उन्होंने बदरीनाथ थाना, कोतवाली गोपेश्वर, एसओजी और चुनाव सेल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। चारधाम यात्रा और वीवीआईपी भ्रमण के दौरान भी उन्होंने व्यवस्थाओं को संभाला। उत्कृष्ट जांच के लिए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सर्वोत्कृष्ट आपराधिक विवेचना पुरस्कार मिला। इसके अलावा वन्यजीव तस्करी रोकने और वन्यजीवों की बरामदगी में अच्छे कार्य के लिए वन मंत्रालय ने भी उन्हें सम्मानित किया। बदरीनाथ क्षेत्र में मिले एक अज्ञात शव की करीब एक साल दो महीने बाद डीएनए जांच से पहचान करना भी उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।
विदाई समारोह में चारों अधिकारियों ने चमोली में बिताए अपने कार्यकाल को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, हेमकुंड साहिब यात्रा और विभिन्न मेलों के दौरान टीम के साथ काम करने का अच्छा अनुभव मिला। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम के अंत में एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने चारों अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।







More Stories
आंखों पर पट्टी बांधकर पुजारी ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा, छह माह के लिए बंद हुए लाटू देवता मंदिर के कपाट
कर्णप्रयाग में पुलिस की पहल, पिलियन राइडर्स को बांटे हेलमेट; कल से पूरे उत्तराखंड में लागू होगा नियम
आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट