
चमोली। जनपद चमोली के वाण गांव स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को विधि-विधान और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर गर्भगृह में प्रवेश किया। उन्होंने परंपरानुसार दीप प्रज्वलित किया और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए। कपाट बंद होते ही पूरा मंदिर परिसर लाटू देवता के जयकारों से गूंज उठा।

कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के बीच ग्रामीणों एवं दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने भगवान लाटू देवता को भोग अर्पित किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
लाटूधाम मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए हैं। ग्राम प्रधान नंदुली देवी ने आयोजन में ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों की भगवान लाटू देवता के प्रति अटूट आस्था है।

नागमणि की मान्यता के चलते गर्भगृह में प्रवेश के दौरान बांधी जाती है पट्टी
लाटू देवता मंदिर की सबसे विशिष्ट परंपरा इसके गर्भगृह से जुड़ी है। धार्मिक मान्यता है कि मंदिर के गर्भगृह में नागमणि विराजमान है। इसी मान्यता के चलते मंदिर के पुजारी आंखों पर पट्टी बांधकर ही गर्भगृह में प्रवेश करते हैं। परंपरा के अनुसार पुजारी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं है। श्रद्धालु भी लगभग 12 मीटर की दूरी से ही भगवान के दर्शन करते हैं। यही अनूठी परंपरा लाटूधाम को विशेष धार्मिक पहचान देती है।
नारायणबगड़ से पहुंचे श्रद्धालु संदीप कुमार ने कहा कि भगवान लाटू देवता के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
गौरतलब है कि वाण स्थित लाटूधाम का संबंध मां नंदा देवी की धार्मिक परंपराओं और विश्वप्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा से भी विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। शीतकाल के दौरान अगले छह माह तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। परंपरा के अनुसार आगामी वर्ष बैसाख पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर के कपाट पुनः श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।






More Stories
कर्णप्रयाग में पुलिस की पहल, पिलियन राइडर्स को बांटे हेलमेट; कल से पूरे उत्तराखंड में लागू होगा नियम
आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट
कर्णप्रयाग महाविद्यालय में भूगोल परिषद का गठन, प्रियंका अध्यक्ष और रितु रावत बनीं सचिव