सोनिया मिश्रा/ गौचर (चमोली)
रेलवे और सड़क निर्माण में लगे वाहनों की तेज रफ्तार से राहगीर परेशान, नाबालिगों के वाहन चलाने और चालकों के नशे में होने का भी आरोप
नगर पालिका क्षेत्र गौचर में रेलवे और सड़क निर्माण कार्यों में लगे भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। निर्माण कार्यों में लगे वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने कहा कि गौचर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आम लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग वाहन चालक तेज गति से वाहन चला रहे हैं, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। वहीं, कुछ वाहन चालकों के नशे की हालत में वाहन चलाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि नगर व्यापार मंडल की ओर से इस संबंध में कई बार पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया है और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

राकेश लिंगवाल ने कहा कि क्षेत्र में रेलवे और सड़क निर्माण कार्य विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं और व्यापार मंडल इन कार्यों का स्वागत करता है, लेकिन निर्माण कार्यों की आड़ में आम जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित निर्माणदायी संस्थाओं से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, ओवरलोडिंग पर रोक लगाने, चालकों की नियमित जांच करने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।

व्यापार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो गौचर में सड़क सुरक्षा की समस्या और गंभीर हो सकती है।






More Stories
कर्णप्रयाग महाविद्यालय में भूगोल परिषद का गठन, प्रियंका अध्यक्ष और रितु रावत बनीं सचिव
बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त
मुख्यमंत्री ने किया 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन