सात दिन बाद थराली CHC में आंदोलन स्थगित, स्वास्थ्य विभाग के लिखित आश्वासन पर माने अनशनकारी

चमोली। थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर पिछले सात दिनों से चल रहा आंदोलन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के लिखित आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। आंदोलन के पांचवें दिन भी प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना जारी रखा था। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ प्रतिनिधि ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर चिकित्सकों की रोटेशन के आधार पर अस्थायी तैनाती का प्रस्ताव दिया था, लेकिन आंदोलनकारियों ने मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही थी।

लगातार दबाव के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अब लिखित आश्वासन देते हुए CHC थराली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सप्ताह में दो दिन ड्यूटी लगाने का भरोसा दिया है। इसके साथ ही दो स्टाफ नर्स, एक एएनएम और तीन सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। वहीं, एक माह के भीतर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के लिखित आश्वासन के बाद अनशनकारियों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। इस दौरान युवा संघर्ष समिति के समन्वयक योगेश देवराड़ी, समिति अध्यक्ष संजय जोशी और भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आंदोलनकारियों ने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर दिए गए आश्वासनों को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारा जाना जरूरी है।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share