
चमोली। थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने कांग्रेस पर आंदोलन से दूरी बनाने का आरोप लगाया।
आंदोलनकारियों के मुताबिक, यह केंद्र तीन विकासखंडों की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं देता है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन, विशेषज्ञ डॉक्टर, स्टाफ नर्स और एक्स-रे टेक्नीशियन की कमी है। मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

धरने के पांचवें दिन सीएमओ की ओर से एक प्रतिनिधि प्रदर्शनकारियों से मिलने धरना स्थल पर पहुंचा। इस दौरान कुछ डॉक्टरों की रोटेशन के आधार पर अस्थायी तैनाती की व्यवस्था का प्रस्ताव सामने आया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने इसे स्थायी समाधान नहीं मानते हुए स्पष्ट किया कि जब तक सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलनकारियों ने कहा कि पूर्व विधायक जीतराम समेत विपक्ष का कोई प्रमुख नेता या कार्यकर्ता अब तक धरना स्थल पर समर्थन देने नहीं पहुंचा। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस थराली के अस्पताल में बेहतर सुविधाएं नहीं चाहती। उन्होंने विपक्ष से जनता के हितों से जुड़े आंदोलन में सहयोग करने की अपील की।

थराली युवा संघर्ष समिति के समन्वयक योगेश देवराड़ी, समिति के अध्यक्ष संजय जोशी और भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पूरे क्षेत्र की जनता से जुड़ी है। उन्होंने विपक्ष से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनता की आवाज उठाने की अपील की।

आंदोलनकारियों ने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, स्टाफ नर्स और एक्स-रे टेक्नीशियन समेत सात सूत्रीय मांगों पर स्थायी और ठोस कार्रवाई होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।






More Stories
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- स्थानीय जनप्रतिनिधि का जनता के सामने अपमान उचित नहीं
कर्णप्रयाग महाविद्यालय में जनजातीय गौरव सम्मान कार्यक्रम आयोजित
गौचर मेले से विकास को नई उड़ान, सिमली अस्पताल के समाधान को बनेगी कमेटी