भेंटा-भरकी में धूमधाम से मना राज्य स्थापना दिवस, शिक्षक सम्मानित

चमोली। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजकीय जूनियर हाईस्कूल भरकी के प्रांगण में ग्राम पंचायत भेंटा-भरकी एवं जनदेश सामाजिक संगठन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय भेंटा, अरोसी और जूनियर हाईस्कूल भरकी के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

इस दौरान बच्चों ने पर्यावरण शिक्षा पर आधारित जनगीतों और देश के सैनिकों को समर्पित लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधान उरगम एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शंकर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान भेंटा दीपक पंवार, ग्राम प्रधान भरकी चंद्रमोहन सिंह पंवार तथा जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रूम टू रीड संस्था की ओर से कंडी लाइब्रेरी कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। साथ ही सामुदायिक विकास को लेकर विस्तार से चर्चा एवं समूह संवाद भी आयोजित किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय शिक्षकों को ‘सृजन शिक्षा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में यशवंत सिंह चौहान, चंद्र प्रकाश सिंह पंवार, धन सिंह बिष्ट, कैलाश सुंदरियाल, पंकज कोहली, प्रमिला फर्स्वाण, आंगनबाड़ी शिक्षिका दीपा देवी और आंगनबाड़ी सहायिका बसंती देवी शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त 12 अभिभावकों को सक्रिय अभिभावक सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान दीपक पंवार ने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से ही सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है। राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है।

 

ग्राम प्रधान भरकी चंद्रमोहन सिंह पंवार ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की परिकल्पना बेहतर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए की गई थी। इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए अभी और प्रयास एवं संघर्ष की आवश्यकता है।

जनदेश के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए शिक्षा को बढ़ावा देना, प्रकृति पर्यटन की अवधारणा विकसित करना और रोजगार के विभिन्न आयामों पर काम करना है।

कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समिति का गठन भी किया गया। इसमें महेंद्र सिंह रावत को अध्यक्ष, देवेंद्र सिंह चौहान को उपाध्यक्ष, चंद्रमोहन सिंह को सचिव और मुकेश कंडवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं समस्त जनप्रतिनिधियों को संरक्षक मंडल का सदस्य तथा महिला मंगल दल और युवक मंगल दल को पदेन सदस्य नामित किया गया।

कार्यक्रम में किशन सिंह, चंद्रमोहन सिंह, महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, राधा देवी, पूनम देवी, देवेंद्र सिंह, संदीप कुमार, ममता नेगी, पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share