नन्दा स्वायत्त सहकारिता नौटी की वार्षिक आम सभा में 94,188 रुपये का लाभांश वितरित

बुलंद आवाज न्यूज़ 

चमोली: नन्दा स्वायत्त सहकारिता, नौटी-कर्णप्रयाग की वार्षिक आम सभा वर्ष 2025-26 का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम, नौटी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रीप परियोजना के सहायक प्रबंधक महेंद्र कफोला, सहकारिता की अध्यक्ष हेमा देवी, ग्राम प्रधान नौटी राखी देवी, M&E अर्जुन सिंह कंडारी और BMM प्रशांत सूरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

वार्षिक आम सभा में सहकारिता के पदाधिकारियों, शेयरधारकों, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान परियोजना के कर्मचारियों तथा संबंधित विभागीय प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में सहकारिता द्वारा किए गए व्यवसाय से प्राप्त 94,188 रुपये के लाभ को शेयरधारकों में लाभांश के रूप में वितरित किया गया। लाभांश मिलने से शेयरधारकों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में ग्रुप मोबिलाइजर अंजना देवी ने क्लस्टर की आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने सहकारिता की गतिविधियों, सदस्यों की सहभागिता, आजीविका संवर्धन, उद्यम विकास और सहकारिता को मजबूत बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

ग्रामोत्थान परियोजना के मूल्यांकन, अनुश्रवण एवं वित्त सहायक अर्जुन सिंह कंडारी ने महिलाओं को अल्ट्रा पुअर एवं व्यक्तिगत उद्यम लाभार्थियों की जानकारी दी। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में लाभांश वितरण की जानकारी देते हुए लाभांश के चेक वितरित किए गए।

एनआरएलएम के BMM प्रशांत सूरी ने समूहों एवं ग्राम संगठनों से जुड़ी महिलाओं को आजीविका संवर्धन के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में पशु सखी, बैंक सखी, कृषि सखी, IPRP सहित विभिन्न कैडर की सक्रिय महिलाओं ने भी प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर BOD सदस्यों को बधाई देते हुए सहकारिता के सदस्यों से आपसी तालमेल, पारदर्शिता और सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। क्लस्टर से जुड़े कर्मियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में क्लस्टर कोऑर्डिनेटर नीतू सेमवाल, सुरेंद्र सिंह राणा, अनूप, विनोद, दीप चंद, शिवानी, अंजनी, विनीता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि सहायक प्रबंधक महेंद्र कफोला ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए महिलाओं को रीप एवं ग्रामोत्थान परियोजना की योजनाओं की जानकारी दी। अंत में सहकारिता अध्यक्ष हेमा देवी के संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share