कर्णप्रयाग: डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में भूगोल विभाग की ओर से भूगोल परिषद का गठन किया गया। परिषद में एमए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा प्रियंका को अध्यक्ष तथा बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा रितु रावत को सचिव पद पर सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्रपाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विभागीय परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विषय से संबंधित नवीन गतिविधियों एवं जानकारियों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. नंदलाल ने परिषद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भूगोल विषय में हो रहे नवीन शोध, सेमिनार, लघु शोध कार्य, प्रोजेक्ट निर्माण और क्षेत्र भ्रमण के जरिए आंकड़े एकत्रित करने की जानकारी मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय से संबंधित नवीन तकनीकों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान डॉ. आरसी भट्ट ने जनपद चमोली में प्रमुख प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रभाव, आपदा न्यूनीकरण और उनके दुष्प्रभावों से बचाव के उपायों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं, डॉ. नेहा तिवारी पांडेय ने ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन के विषय में जानकारी दी। डॉ. नरेंद्र पंघाल ने विद्यार्थियों को दूरसंवेदन (रिमोट सेंसिंग) एवं जीपीएस के उपयोग के बारे में बताया।

भूगोल परिषद में नई कार्यकारिणी
परिषद के गठन में एमए तृतीय सेमेस्टर की प्रियंका को अध्यक्ष, एमए प्रथम सेमेस्टर की शिखा को उपाध्यक्ष, बीए पंचम सेमेस्टर की रितु रावत को सचिव, बीए प्रथम सेमेस्टर के आदित्य चंदोला को सहसचिव तथा बीए तृतीय सेमेस्टर के रमन रावत को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
परिषद गठन के साथ ही विभाग में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में ‘जनपद चमोली पर आपदाओं का प्रभाव’ विषय पर प्रियंका, शिवानी, साक्षी खंडूड़ी, शिखा, पूजा और हेमा
ने प्रतिभाग किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रियंका, शिवानी, शशि, हेमा और शिखा ने हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त पोस्टर एवं चार्ट, क्विज और मॉडल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी विभागीय परिषद कार्यक्रम में प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. नंदलाल ने सभी प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आगामी विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. चंद्रपाल, डॉ. नंदलाल, डॉ. आरसी भट्ट, डॉ. नेहा तिवारी पांडेय, डॉ. नरेंद्र पंघाल, शुभम रावत सहित भूगोल विषय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






More Stories
बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त
मुख्यमंत्री ने किया 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा का समापन
गौचर में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही से हादसों का खतरा, व्यापार संघ ने प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग