39वीं अखिल भारतीय डाक बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

देहरादून: उत्तराखंड डाक परिमंडल द्वारा आयोजित 39वीं अखिल भारतीय डाक बैडमिंटन प्रतियोगिता का सोमवार को बहुउद्देशीय हॉल, परेड ग्राउंड, देहरादून में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 16 से 20 नवम्बर 2026 तक आयोजित की जा रही है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि नीलेश कुमार गुप्ता, प्रधान आयुक्त, GST, विशिष्ट अतिथि अनुराधा पाल, आबकारी आयुक्त, उत्तराखंड सरकार तथा विशेष अतिथि शार्दुल शाह शर्मा, अंतरराष्ट्रीय हार्ड एंड्यूरो रेसर उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर के 20 डाक परिमंडलों के लगभग 197 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं तथा कुल 9 स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन पुरुष टीम वर्ग में उत्तराखंड ने पंजाब को 3-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। राउंड-16 में तमिलनाडु ने उत्तर प्रदेश को 3-0, झारखंड ने आंध्र प्रदेश को 3-1, ओडिशा ने राजस्थान को 3-0, कर्नाटक ने असम को 3-2, गुजरात ने बिहार को 3-0, हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को 3-0 तथा केरल ने महाराष्ट्र को 3-2 से पराजित किया।

महिला टीम वर्ग में गुजरात ने उत्तराखंड को 2-1 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने महाराष्ट्र को 2-0, ओडिशा ने राजस्थान को 2-0, आंध्र प्रदेश ने तेलंगाना को 2-0 तथा हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 2-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल ने केरल को 2-0 से पराजित किया।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, उत्तराखंड परिमंडल एम.यू. अब्दाली ने अपने सम्बोधन में कहा कि डाक विभाग कर्मचारियों को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्तराखंड की देवभूमि में स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं तथा खेल प्रेमियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share