पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- स्थानीय जनप्रतिनिधि का जनता के सामने अपमान उचित नहीं

बुलंद आवाज न्यूज़

सोनिया मिश्रा/ चमोली  पिथौरागढ़ जिले में आयोजित अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले को लेकर सियासत गरमा गई है। मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच पर अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलने और मुख्यमंत्री के अचानक कार्यक्रम स्थल से चले जाने को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है।

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जौलजीबी के अंतरराष्ट्रीय मेले में उनकी हमेशा से दिलचस्पी रही है। सांसद, मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में वह लगातार मेले में जाते रहे हैं। हालांकि, इस बार उन्हें आमंत्रण मिलेगा या नहीं, यह आयोजकों पर निर्भर है।

हरीश रावत ने कहा कि मंच पर जिस तरह का व्यवहार हुआ, उससे वह दुखी हैं। स्थानीय विधायक को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए था। जब महोत्सव उनकी अध्यक्षता में आयोजित हो रहा था, तो उन्हें मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखने का पूरा अधिकार था। उन्होंने कहा कि धारचूला में अधिकांश विकास कार्य हरीश धामी करवा चुके हैं, लेकिन कलहार सड़क सहित कुछ अन्य सड़कों से जुड़े मामले अब भी लंबित हैं। इन समस्याओं पर सुझाव रखने का अवसर दिया जाना चाहिए था।

https://www.facebook.com/share/1JYQrJ31VJ/

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सामने स्थानीय जनप्रतिनिधि का अपमान उचित नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से राजनीतिक परिस्थितियों में संयम रखने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आने पर दबाव बढ़ते हैं, लेकिन उन परिस्थितियों को संभालना ही राजनीतिक कला है। सत्ता का दंभ दिखाना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराना उचित नहीं है।

हरीश रावत ने उम्मीद जताई कि जौलजीबी मेले की घटना का सम्मानजनक समाधान निकलेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि हरीश धामी और प्रशासन को सम्मानपूर्वक दोबारा मंच पर बुलाकर अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए और उनकी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी पद की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की अपील की।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share