माँ नंदादेवी बड़ी जात/राज जात 2026 की तैयारियों को लेकर कुरुड़ में बृहद बैठक, यात्रा को लेकर असमंजस हुआ दूर

कुरुड़ (नंदानगर)। माँ नंदादेवी सिद्धपीठ कुरुड़ के प्रांगण में आगामी 12 वर्षीय नंदादेवी बड़ी जात/राज जात 2026 की तैयारियों को लेकर बृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, विभिन्न डोलियों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के 484 गांवों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट, नंदानगर की ब्लॉक प्रमुख हीमा देवी, बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत, बधाण डोली के अध्यक्ष नरेश गौड़, दसोली डोली के अध्यक्ष सुखबीर रौतेला, बंड डोली के अध्यक्ष अशोक गौड़ तथा जिला पंचायत सदस्य पिलग वार्ड विपिन फर्स्वाण सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा लाता भगवती, दशम द्वार समिति तथा थराली, देवाल, लाता, फर्शवाणफाट, सुतोल, सोल घाटी और नंदाक पट्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में 5 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित ऐतिहासिक धार्मिक पैदल यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यात्रा के विभिन्न पड़ावों, मार्ग व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।

इस दौरान माँ नंदादेवी के प्रांगण से बड़ी जात/राज जात के यात्रा शुभारंभ का बिगुल बजाने की घोषणा की गई। यात्रा को लेकर पिछले कुछ समय से श्रद्धालुओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति को भी स्पष्ट करते हुए बताया गया कि यात्रा पूर्व निर्धारित पंचांग गणना के अनुसार ही संपन्न होगी।

बैठक में विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने यात्रा के विभिन्न पड़ावों की व्यवस्थाओं में सहयोग की जिम्मेदारी लेते हुए श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में सभी ने माँ नंदादेवी की यात्रा को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share