बुलंद आवाज न्यूज़
चमोली। मंडल घाटी स्वायत्त सहकारिता, बैरांगना-मंडल, दशोली की वार्षिक आम सभा 2025-26 का आयोजन रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज बैरांगना में किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता की नई कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। चुनाव के माध्यम से आशा देवी को अध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम सभा बैरांगना की ग्राम प्रधान सृष्टि राणा, रीप परियोजना के सहायक प्रबंधक महेंद्र कफोला और सहकारिता की पूर्व अध्यक्ष देवेश्वरी देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सहकारिता के पदाधिकारी, शेयरधारक, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान परियोजना के कर्मचारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वार्षिक आम सभा के दौरान नई कार्यकारिणी में आशा देवी को अध्यक्ष, संगीता देवी को कोषाध्यक्ष और चांदनी देवी को सचिव चुना गया। इसके साथ ही बोर्ड एवं एसी सदस्यों का भी चुनाव किया गया। उपस्थित सदस्यों और शेयरधारकों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं तथा सहकारिता के कार्यों को अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से संचालित करने की अपेक्षा जताई।
2.01 लाख रुपये का लाभांश वितरित
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में सहकारिता द्वारा किए गए व्यवसाय से प्राप्त 2,00,791 रुपये के लाभ की राशि शेयरधारकों को लाभांश के रूप में वितरित की गई। लाभांश मिलने से शेयरधारकों में उत्साह देखने को मिला। सदस्यों ने सहकारिता के माध्यम से मिलने वाले आर्थिक लाभ और आजीविका के अवसरों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
बिजनेस प्रमोटर रामेश्वरी देवी ने क्लस्टर की आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने सहकारिता की गतिविधियों, सदस्यों की सहभागिता, आजीविका संवर्धन, उद्यम विकास और सहकारिता को मजबूत बनाने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई देते हुए सभी सदस्यों से आपसी तालमेल, पारदर्शिता और सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। साथ ही क्लस्टर से जुड़े कार्मिकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के इंक्यूबेशन मैनेजर गिरीश मिश्रा, उपासक के वित्त समन्वयक संजय पुरोहित, एनआरएल से ताजबर सिंह व मोहन नेगी, रीप से देवेंद्र नेगी, सौम्या नेगी व दीपा नेगी सहित सहकारिता स्टाफ के अंशुल, अनामिका, कुलदीप और शशांक मौजूद रहे। इसके अलावा समूहों की सक्रिय महिलाएं, पशु सखी, बैंक सखी, कृषि सखी, IPRP और समस्त कैडर ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के समापन पर पूर्व अध्यक्ष देवेश्वरी देवी और नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा देवी ने सभी उपस्थित अधिकारियों, पदाधिकारियों, शेयरधारकों एवं संकुल स्टाफ का आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।






More Stories
कर्णप्रयाग: एनएसएस स्थापना दिवस पर महाविद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले, सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित
बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है : मुख्यमंत्री