सोनिया मिश्रा
बुलंद आवाज न्यूज़
देहरादून। नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित पांचवें “डॉक्टर ऑफ द ईयर” सम्मान समारोह में प्रदेश के 37 प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए अलग कैडर बनाने तथा सभी मेडिकल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की घोषणा की।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 के अंत तक सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी और पदोन्नति की प्रक्रिया भी शत-प्रतिशत पूर्ण कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से चिकित्सकों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने, योग और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने तथा समाज और देश की सेवा के लिए मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।

समारोह में प्रदेशभर से चयनित 32 चिकित्सकों को “डॉक्टर ऑफ द ईयर” पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि तीन चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और तीन को आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य का अत्यधिक व्यवसायीकरण समाज के कमजोर वर्गों को इन सुविधाओं से वंचित कर सकता है।
डॉ. जे. एन. नौटियाल ने स्वस्थ जीवन और सफल उपचार में आयुष चिकित्सा की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. राजेंद्र डोभाल ने मेडिकल छात्रों और युवा डॉक्टरों में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस का महत्व बताया। कार्यक्रम का संचालन और सफल आयोजन करने के लिए डॉ. योगेश्वरी को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जहां एक ओर डॉ. महेश कुरियाल, अध्यक्ष, आईएमए देहरादून, डॉ. जे. एन. नौटियाल, अध्यक्ष, भारतीय चिकित्सा परिषद, डॉ. यशवंत सिंह बिष्ट, हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड तो वहीं डॉ. गीता जैन, प्राचार्य, दून मेडिकल कॉलेज, डॉ. गोविन्द तितियाल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी तथा डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, एम्स ऋषिकेश को आउटस्टैंडिंग लीडरशिप सम्मान से सम्मानित किया गया।






More Stories
15.15 करोड़ से बना खजूरखाल–भण्डारीखोड़ मोटर मार्ग, ग्रामीणों को मिली बेहतर सड़क सुविधा
यूओयू ने शुरू किए नए पाठ्यक्रम, विद्यार्थियों को मिलेगी सेमेस्टरवार फीस की सुविधा
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर पद्म विभूषण प्रशांत चंद्र महालनोबिस को श्रद्धांजलि, प्रशासनिक आंकड़ों की क्षमता के प्रभावी उपयोग पर दिया गया जोर