
टीबी स्क्रीनिंग से लेकर कैंसर जाँच तक की मिली सुविधा, 41 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए
विकासनगर: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड विकासनगर के ग्राम शेरपुर में दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 208 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीबी जाँच, स्वास्थ्य परामर्श और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने सहित कई सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में क्षेत्र पंचायत प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने वालों में 126 पुरुष और 82 महिलाएँ शामिल थीं।
कैंसर और गैर-संचारी रोगों की हुई स्क्रीनिंग
शिविर में 84 लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज की जाँच की गई। इसके अतिरिक्त 72 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 84 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और 30 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। कुल 205 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

41 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए
शिविर के दौरान 41 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए। वहीं, आयुष्मान भारत हेल्थ मिशन के अंतर्गत 13 लोगों की आभा आईडी और दो आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जाँच कराने तथा गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आमजन से सरकार की ओर से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग और संबंधित कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






More Stories
156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल-सुरंग मार्ग पर ट्रायल के आधार पर आवागमन शुरू, जल्द होगा लोकार्पण : मुख्यमंत्री
चमोली के समाजसेवी ओमप्रकाश डोभाल को मिली ‘विद्या वाचस्पति’ की मानद उपाधि
विधानसभा सत्र के लिए गैरसैंण आगमन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत