देहरादून: रेडक्रॉस सोसाइटी का रक्तदान शिविर, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

बुलंद आवाज न्यूज़ 

देहरादून: रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के तत्वावधान में शुक्रवार को दून चिकित्सालय, देहरादून में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व सोसाइटी के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्त की कमी को दूर करने के साथ-साथ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रक्तदान करने वालों में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जोशीमठ शैलेन्द्र पंवार, पूर्व विधायक प्रतिनिधि रजनीश पंवार, यशपाल डूंगरियाल, नरेंद्र रावत, हरीश भंडारी, पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि लक्ष्मण बुटोला, हेलंग के सरपंच प्रदीप भंडारी, सलूड इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजीत कुंवर, आकाश कुमार, राम चंद्र, सचिन चौहान, आदित्य बिष्ट और नवीन पंवार शामिल रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष मोहन खत्री ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी अभियान निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा सके।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share