बुलंद आवाज़ न्यूज
राजपाल बिष्ट/ चमोली
भाजपा ने लोकसभा चुनाव फतह करने के लिए ताकत झोंक दी है। सरकारी मशीनरी के साथ कार्यकर्ताओं को भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए गांव-गांव तक दस्तक देकर डबल इंजन सरकार के पक्ष में माहौल बनाया जा रहा है। इसके चलते गांवों में संकल्प यात्रा के तहत. शिविर लगा कर योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने की कवायद चल रही है।
इस सबके बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी संकल्प यात्रा के जरिए निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों पर जोर देना शुरू कर दिया है। भाजपा दावेदारों की इस रणनीति के कारण गांवों में भाजपा के संभावित निकाय और पंचायत दावेदारों का जमावड़ा लग रहा है।
दरअसल लोकसभा चुनाव फतह करने के लिए देशभर में भाजपा की 15 नवंबर से 26 जनवरी तक विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है। इसके तहत पूरे सरकारी अमले को संकल्प यात्रा के बहाने योजनाओं की जानकारी और योजनाओं का लाभ आम लोगों को दिलाने के लिए संकल्प यात्रा में झोंक दिया गया है। हर गांव में शिविर लग रहे हैं। डबल इंजन सरकार के पक्ष में वातावरण बनाने के लिए भाजपाइयों को भी झोंका गया है। इसके चलते गांवों में अधिकारियों, कर्मचारियों और भाजपाइयों का जमावड़ा लग रहा है। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की यह कवायद क्या गुल खिलाती है यह भविष्य में गर्भ में है। भाजपाई विकसित भारत संकल्प यात्रा बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। निकाय तथा पंचायत चुनाव लोकसभा के तत्काल बाद में हैं. निकाय तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा दावेदार पहले से सक्रिय हैं। हालांकि पहले निकाय चुनाव होने थे किंतु अब निकाय चुनाव ने लोकसभा चुनाव निपटने के बाद होंगे।
अगले साल 2024 में त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगले साल पंचायत चुनाव भी होने हैं। भाजपा का फिलहाल फोकस लोकसभा चुनाव पर है। संकल्प यात्रा को इसी रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा के निकाय तथा पंचायत चुनावों के दावेदारों ने संकल्प यात्रा के बहाने नायाब रणनीति बनाई है। इसके तहत बीडीसी मेंबर और जिला पंचायत सदस्य तक के दावेदार संकल्प यात्रा के जरिए आम जनता से रूबरू होने के लिए इस तरह की कवायद को बेहतर मान कर चल रहे हैं।
इस दौरान शिविरों में भाग लेकर भाषणों के जरिए सक्रिय होकर चेहरा दिखाने की होड़ लगी है। इसी तरह निकाय अध्यक्ष और सभासदों के दावेदार भी नगर क्षेत्रों में सक्रिय होकर संकल्प यात्रा का हिस्सा बने हुए हैं। अब देखना यह है कि दावेदारों की यह कवायद किस तरह सफल होती है। वैसे आम जनता के बीच चेहरा दिखाने की होड़, दावेदारों के लिए मुफीद साबित हो रही है।
More Stories
उत्तराखंड के 6 राजनैतिक दलों को चुनाव आयोग का नोटिस
सर्पदंश के मरीज की डॉक्टरों ने बचाई जान
बिग ब्रेकिंग उत्तरकाशी: यमुनोत्री मार्ग पर फटा बादल, कई लोग लापता