स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून की बड़ी छलांग, देशभर में 12वें स्थान पर पहुंची राजधानी

देहरादून

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के परिणामों में देहरादून ने वायु गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में 3 से 10 लाख की जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में 12वां स्थान प्राप्त किया है।

वर्ष 2024 में देहरादून इस श्रेणी में 41वें स्थान पर था, जबकि वर्ष 2025 में इसमें उल्लेखनीय सुधार करते हुए शहर 19वें स्थान पर पहुंचा और अब वर्ष 2026 में देहरादून ने 12वां स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वायु को जनस्वास्थ्य से जोड़ते हुए वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपायों पर विशेष जोर दिया है। इसी का परिणाम है कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए अपनी रैंकिंग 37वें स्थान से बढ़ाकर 12वें स्थान पर पहुंचाई है। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए देहरादूनवासियों, नगर निगम, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों को बधाई दी है।

देहरादून में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई गई। शहर के संवेदनशील और सघन क्षेत्रों में धूल एवं प्रदूषक कणों को नियंत्रित करने के लिए ड्रोन के माध्यम से जल छिड़काव किया गया। प्रमुख मार्गों और सड़कों पर धूल के जमाव को कम करने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का नियमित संचालन बढ़ाया गया। इससे सड़क की धूल से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिली।

खुले में कूड़ा और पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए गए। नागरिकों को कचरा न जलाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर नियंत्रण के लिए पीयूसी जांच अभियान तेज किया गया तथा निर्धारित मानकों से अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ाई गई।

स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है और शहर में ईवी चार्जिंग स्टेशनों का विस्तार किया गया है। वहीं, वायु गुणवत्ता की लगातार निगरानी के लिए मजबूत मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित की गई है। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छ वायु केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए सतत विकास पर काम कर रही है।

देहरादून की उपलब्धि में नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, संबंधित विभागों, सफाई एवं पर्यावरण कर्मियों के साथ जागरूक नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऋषिकेश और काशीपुर में भी वायु गुणवत्ता सुधार के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि इन प्रयासों को पूरे उत्तराखंड में जनभागीदारी के साथ व्यापक अभियान का रूप दिया जाए।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share