दून मेडिकल कॉलेज में 6 नई स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण, मंत्री सुबोध उनियाल ने किया उद्घाटन

बुलंद आवाज न्यूज़ 

देहरादून: प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आम जनता को समर्पित 6 नई जन सुविधाओं का लोकार्पण किया।

अस्पताल में ऑक्यूपेशनल थेरेपी यूनिट की स्थापना से बच्चों के पुनर्वास और शारीरिक रिकवरी में मदद मिलेगी। प्रत्येक फ्लोर पर रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू होने से अब मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी। खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स इंजरी क्लिनिक की शुरुआत की गई है, जहां खेल संबंधी चोटों का विशेषज्ञ उपचार होगा। इसके अलावा पैथोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक Sysmex मशीन लगाई गई है, जिससे रक्त जांच अधिक सटीक और तेज होगी। आम नागरिकों के लिए किफायती हेल्थ पैकेज चेकअप्स भी शुरू किए गए हैं। साथ ही, एनस्थीसिया वर्क स्टेशन की स्थापना से ऑपरेशन थिएटर और सर्जिकल सेवाएं और मजबूत होंगी। इन सुविधाओं का उद्देश्य मरीजों को अधिक सुलभ, तेज और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मंत्री सुबोध उनियाल ने संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने, आधुनिक मशीनों की स्थापना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तर पर ले जाने पर बल दिया। उन्होंने अस्पताल में सुपरस्पेशियलिटी सेवाएं शुरू करने का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या डॉ. गीता जैन ने पिछले तीन वर्षों में ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर और इंफ्रास्ट्रक्चर में हुए विकास पर विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में निदेशक डॉ. अजय आर्या, कार्यकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के. सी. पंत, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सा स्टाफ, मीडिया प्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share