कर्णप्रयाग: मेधावी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में वितरित की गई छात्रवृत्ति

बुलंद आवाज न्यूज़ 

चमोली

डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कार्यप्रयाग में अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी अग्रवाल जातीय कोष के सहयोग से 30 छात्र-छात्राओं को 2000 रूपये/ छात्र की छात्रवृत्ति मित्तल चैरिटीज मुंबई के सहयोग से वितरित की गई।

शुक्रवार को ट्रस्टी समाजसेवी सुरेश मित्तल ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. के. एल. तलवाड़ विशिष्ट अतिथि के रुप में वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

तीन वर्षों से महाविद्यालय को दी जा रही है शिक्षा सहायता 

कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में शिक्षा सहायता समिति के संयोजक डॉ. मदन शर्मा ने कहा कि शिक्षा सहायता छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों के लिए आशा की किरण है, जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों के अभाव में उच्च शिक्षा की राह में कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने बताया कि यह छात्रवृत्ति पिछले तीन वर्षों से निरंतर दी जा रही है और इस अवधि में महाविद्यालय को कुल 1.50 लाख रुपये की शिक्षा सहायता प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने इसे समाज और शिक्षा संस्थानों के बीच सार्थक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मित्तल चैरिटीज के माध्यम से उनका प्रयास है कि कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी अग्रवाल जातीय कोष के साथ मिलकर किए जा रहे इस प्रयास को सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया और छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पूरे मन से पढ़ाई करने की सलाह दी।

इस अवसर पर मित्तल कॉलेज सरदारशहर (राजस्थान) के प्राचार्य डॉ. मृत्युंजय पारीक ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

कार्यक्रम के समापन सत्र में कर्णप्रयाग महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राम अवतार सिंह ने मित्तल चैरिटीज, अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी अग्रवाल जातीय कोष, शिक्षा सहायता समिति, अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुरेश मित्तल जैसे समाजसेवियों के सहयोग से ही शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रभावी कार्यक्रम संभव हो पाते हैं। साथ ही उन्होंने समिति के संयोजक डॉ मदन शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही यह छात्रवृत्ति कर्णप्रयाग जैसे सुदूर स्थान तक पहुँच सकी है।

इस अवसर पर शिक्षा सहायता समिति के अन्य सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार पाण्डेय, डॉ. हिना नौटियाल, डॉ. कीर्तिराम डँगवाल, मुकेश कंडारी व महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे ।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share