11 साल के बच्चे को घात लगाकर बैठे तेंदुए ने बनाया निवाला, ताऊ के घर से लौट रहा था मासूम

बुलंद आवाज़ न्यूज

अल्मोड़ा के जागेश्वर क्षेत्र के क्वैराली गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम तेंदुए ने 11 साल के मासूम को निवाला बना दिया। वह तीसरी कक्षा में पढ़ता था। जानकारी के अनुसार, गांव के रमेश सिंह का बेटा आरव शाम करीब साढ़े छह बजे टीवी देखने के बाद अपने ताऊ के घर से लौट रहा था।

     इस दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुआ उसे उठाकर जंगल की तरफ भाग गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। जब तक परिजन घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर आरव के पास पहुंचते उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नायब तहसीलदार भनोली दिवान सिंह सलाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

कुछ देर पहले गुलजार था आंगन, अचानक पसर गया सन्नाटा

जो घर कुछ देर पहले बच्चों की चहलकदमी से गुलजार था, वहां अचानक मातम छा गया। किसी को क्या मालूम था कि हंसते-खेलते परिवार की खुशियों पर पलभर में ग्रहण लग जाएगा।

   आरव घर के आंगन में अपनी छोटी बहन सात साल की अमृता के साथ खेल रहा था। दोनों एक-दूसरे के साथ खेलते हुए खुश थे लेकिन बहन को मालूम नहीं था कि कुछ देर बाद ही उनका इकलौता भाई हमेशा के लिए छोड़कर चला जाएगा।

आरव हर रोज की अपने ताऊ के घर टीवी देखने जाता था। बृहस्पतिवार को भी वह टीवी देखकर लौट रहा था। अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इस घटना से हंसते-खेलते परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट गया। माता-पिता की आंखों का इकलौता तारा उन्हें रोता-बिलखता छोड़ गया। मां बेसुध है। पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन बार-बार पूछ रही है कि उसका भाई कहां चला गया।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share