बुलंद आवाज न्यूज़
पौड़ी। लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा ब्लॉक स्थित बढ़ासी गांव में गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, महिला घास लेने के लिए जंगल गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। काफी देर तक महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में जंगल से महिला का शव बरामद होने पर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सरकार और वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र को गुलदार के आतंक से मुक्त कराने की मांग की। यूकेडी नेता कुलदीप रावत, कनिष्ठ उपप्रमुख राजू पटवाल और जिला पंचायत सदस्य राहुल बिष्ट ने कहा कि लगातार हो रहे हमलों के बावजूद वन विभाग प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है, जिससे ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
उधर, गढ़वाल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीमों को क्षेत्र में तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल न जाने की अपील करते हुए कहा कि गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






More Stories
हेमकुंड यात्रा मार्ग पर हुए विवाद में गिरफ्तार लोगों को न्यायालय से मिली जमानत
जान जोखिम में डालकर चमोली पुलिस ने निभाया मानवता का फर्ज
कर्णप्रयाग और नगरासू प्रकरण में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आह्वान