बुलंद आवाज न्यूज़
देहरादून:
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) द्वारा आयोजित 9 दिवसीय दून पुस्तक महोत्सव 2026 अब अपने समापन की ओर है। 4 अप्रैल से शुरू हुआ यह महोत्सव रविवार को अपने अंतिम दिन में प्रवेश कर रहा है। अंतिम दिन को खास बनाने के लिए प्रकाशकों ने किताबों पर 20 से 25 प्रतिशत तक की आकर्षक छूट दी है, जिससे पुस्तक प्रेमियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
पाठकों की बढ़ती रुचि को देखते हुए विभिन्न स्टॉलों पर अच्छी बिक्री हो रही है। एनबीटी के स्टॉल पर इतिहास, भूगोल, राजनीति और महान व्यक्तित्वों से जुड़ी किताबों के साथ-साथ गढ़वाली और कुमाउंनी बाल साहित्य को खास पसंद किया जा रहा है। बच्चों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक “एग्जाम वॉरियर्स” भी लोकप्रिय बनी हुई है। वाणी प्रकाशन के अनुसार, “गुनाहों का देवता”, “दीवार में एक खिड़की रहती है” और “राग दरबारी” जैसी प्रसिद्ध कृतियों की मांग सबसे अधिक है। वहीं युवा पाठकों में जॉन एलिया की शायरी का विशेष आकर्षण देखा जा रहा है।
समय साक्ष्य प्रकाशन और अन्य स्टॉलों पर उत्तराखंडी लेखकों के कथा और कविता संग्रह भी तेजी से बिक रहे हैं। दिनकर पुस्तकालय में रामधारी सिंह दिनकर और धर्मवीर भारती की रचनाओं को पाठक खूब पसंद कर रहे हैं।
हिंद युग्म और रेख्ता प्रकाशन के स्टॉल पर विनोद कुमार शुक्ल, मानव कौल, नीलोत्पल मृणाल, मिर्जा गालिब, फैज अहमद फैज और राहत इंदौरी जैसे लेखकों की किताबों के प्रति युवाओं में खास उत्साह देखा गया। राजकमल प्रकाशन के अनुसार, शुरुआत में भीड़ कम थी, लेकिन अब बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी मेले में पहुंच रहे हैं।
गढ़वाली–कुमाउंनी बाल साहित्य बना आकर्षण का केंद्र
इस बार महोत्सव में एक विशेष पहल के तहत हिंदी की लोकप्रिय कहानियों का गढ़वाली और कुमाउंनी भाषाओं में अनुवाद प्रस्तुत किया गया है, जिसे पाठकों ने खूब सराहा।
कुमाउंनी में “बढ़नै जाणी कान”, “गज्जू हिटण भैगो” और अन्य कहानी संग्रह, वहीं गढ़वाली में “गुलाब क दगड़ू”, “अभिमानै हार” जैसी कहानियां बच्चों और अभिभावकों के बीच लोकप्रिय हो रही हैं।
एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय भाषाओं और संस्कृति को प्रोत्साहित करना है, ताकि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक साहित्यिक केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार व्यक्त किया।






More Stories
दून बुक फेस्टिवल में रचनात्मक गतिविधियों, साहित्यिक विमर्श और प्रियंका मेहर की प्रस्तुति की धूम
दून पुस्तक महोत्सव 2026: साहित्य, सिनेमा और लोक-संस्कृति का अनोखा संगम
देहरादून में सचिवालय सुपर लीग 2026 का शुभारंभ, रोमांचक मुकाबलों में सचिवालय ए और माइटी 11 की जीत