बुलंद आवाज न्यूज़
सोनिया मिश्रा/ देहरादून।
जिला चिकित्सालय कोरोनेशन के डेस्टीट्यूट (निराश्रित मरीज) वार्ड में शनिवार को मानवता की एक प्रेरक मिसाल देखने को मिली। समाजसेवी शशि भूषण मैठाणी ‘पारस’ अपनी छोटी बेटी यशस्विनी मैठाणी के साथ वार्ड में पहुंचे और वहां भर्ती निराश्रित मरीजों को कंबल वितरित किए।
यह सेवा कार्य जिला चिकित्सालय कोरोनेशन के जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद पंवार के सहयोग से संपन्न हुआ। उन्होंने अस्पताल में भर्ती उन मरीजों की ओर ध्यान आकर्षित किया, जो न केवल आर्थिक रूप से बल्कि पारिवारिक रूप से भी निराश्रित हैं और ठंड के मौसम में विशेष देखभाल के पात्र हैं।
यह मानवीय पहल “समौण इंसानियत की – गर्माहट रिश्तों की” मुहिम के अंतर्गत की गई, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों तक सीधे वस्तु रूप में—जैसे राशन और गर्म कपड़े—सहायता पहुंचाना है।
इस अवसर पर शशि भूषण मैठाणी ‘पारस’ ने कहा, “यदि भगवान की कृपा बनी रही तो आगे भी इस वार्ड में सेवा कार्य जारी रहेगा। हम इसे कोई अभियान नहीं, बल्कि ईश्वर के माध्यम से निभाया जाने वाला पारिवारिक कर्तव्य मानते हैं।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सेवा किसी पंजीकृत NGO के माध्यम से नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही उनकी पारिवारिक मुहिम का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार चार सदस्यीय है और कुछ सेवाभावी लोग वस्तु रूप में—जैसे गर्म कपड़े और राशन—दान कर, उनके माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाते हैं।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “हम कभी भी नगद या डिजिटल माध्यम से धनराशि स्वीकार नहीं करते। जो भी सहयोग करना चाहता है, वह केवल वस्तु रूप में ही करे।”
इस सेवा कार्य के लिए अस्पताल प्रशासन, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनु जैन एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रमोद पंवार का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह संवेदनशील और मानवीय पहल संभव हो सकी।





More Stories
रुद्रप्रयाग: बच्चे को उठा ले गया गुलदार, जिला प्रशासन की 6 अलग अलग टीमें चला रहीं सर्च अभियान
मक्कूमठ में महिला सशक्तिकरण की नई कहानी, ग्रोथ सेंटर से बदली आजीविका
दून मेडिकल कॉलेज में शिक्षकों को मिला नई टीचिंग स्ट्रेटजी का प्रशिक्षण