बुलंद आवाज न्यूज
चमोली
दशोली ब्लाक में मैठाणा गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। जिला स्तर पर मॉडल विलेज विकसित करने के लिए मैठाणा गांव का चयन किया गया। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में सभी रेखीय विभागों की बैठक लेते हुए मैठाणा गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी रेखीय विभाग संयुक्त रूप से मैठाणा गांव का विजिट करें और मैठाणा गांव को मॉडल विलेज बनाने के लिए इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ कार्य योजना तैयार की जाए। मैठाणा गांव में नर्सरी विकास, कीवी के काश्तकारों की संख्या में वृद्धि, गांव में होम स्टे संचालन, हाट बाजार, ऑर्नामेंटल फिश पौंड बनाने तथा हाउस ऑफ हिमालया की थीम पर आउटलेट बनाने हेतु योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए। स्वरोजगार के उद्देश्य से कैंपिंग कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मैठाणा में खेल मैदान तक जाने वाले लिंक मार्ग का चौड़ीकरण करने के निर्देश भी दिए। कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सड़क मार्ग अवरूद्व होने पर यहां पर तीर्थयात्रियों को ठहराने एवं अन्य प्रयोजन के लिए खेल मैदान का उचित उपयोग किया जा सकता है। इससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को मैठाणा पशु सेवा केन्द्र पर सप्ताह में दो दिन पशुधन प्रसार अधिकारी को तैनात करने एवं डीपीआरओ को मिनी सचिवालय को तत्काल खाली कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता अला दिया ने जानकारी देेते हुए बताया कि ग्राम सभा में 250 हेक्टेयर भूमि है। इसमें 123 परिवार खेती करते हैं। मैठाणा में मूलभूत सुविधाओं को सदृढ करने से स्थानीय लोगों की आर्थिकी बढ़ेगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नन्दन कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, एपीडी केके पन्त सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।







More Stories
राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त करने वाला देश का 16वां राज्य बना उत्तराखण्ड: केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह
चमोली: नए लोगो, नई थीम और आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ भव्य होगा गौचर मेला
उत्तराखण्ड को खेल भूमि के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार : मुख्यमंत्री