बुलंद आवाज़ न्यूज
टिहरी
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के चंबा थाने के पास टैक्सी स्टैंड की पार्किंग में भूस्खलन हो गया. पहाड़ी से गिरे सैकड़ों टन मलबे की चपेट में दो वाहन आ गए। साथ ही हादसे में चार महीने के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
मलबे में दबे ग्राम जसपुर कंडीसौड़ निवासी पूनम खंडूरी (30) उनके चार माह के बेटे और बहन सरस्वती देवी (35) के शवों को पंचनामे के लिए जिला अस्पताल बोराड़ी ले जाया गया है। वहीं, मलबे में दो कार, एक स्कूटी और बाइक भी दब गई। मलबे में दबकर वहां पर बना सार्वजनिक शौचालय भी जमींदोज हो गया।
घटना दोपहर करीब एक बजे की है। भूस्खलन होते ही टैक्सी स्टैंड में अफरा-तरफी मच गई। वहां आस-पास खडे़ लोगों ने भागकर जान बचाई। पहाड़ी से टूटकर सैकड़ों टन मलबा सड़क पर गिर गया। उसे साफ करने के लिए छह जेसीबी मशीन, डोजर लगाए गए हैं।
भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से थाने के समीप के चार घरों को खाली कराकर दूसरी जगह शिफ्ट किया है। टैक्सी स्टैंड और सड़क से मलबे को पूरी तरह हटाने में और वक्त लग सकता है।
सूचना पर डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ मनीष कुमार घटनास्थल पहुंचे। एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे रेस्क्यू टीम ने स्विफ्ट कार के अंदर दबे तीनों के शव बरामद किए। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।





More Stories
टोकन व्यवस्था से केदारनाथ धाम में दर्शन हुए सुगम, प्रशासन की व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट
केदारनाथ पैदल मार्ग पर पशु चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, घोड़े-खच्चरों के लिए बने शेड का लोकार्पण
बद्री विशाल के कपाट खुलने के साथ देवभूमि में चारधाम का आगाज़