पीएम मोदी ने लॉन्च किया रोजगार मेला, 75 हजार नव-नियुक्त कर्मियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

 बुलंद आवाज़ न्यूज

पीएम ने आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि आज देश में रोजगार के कई नए अवसर बन रहे हैं। आज गाड़ियों से लेकर मेट्रो कोच, ट्रेन के डिब्बे, डिफेंस के साजो-सामान तक अनेक सेक्टर में निर्यात तेजी से बढ़ रहा है।ये तभी हो रहा है क्योंकि भारत में फैक्ट्रियां बढ़ रही हैं और साथ ही काम करने वालों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत कई मायनों में आत्मनिर्भर बन रहा है। एक आयातक से भारत निर्यातक की भूमिका में आ रहा है। अनेक सेक्टर में भारत ग्लोबल हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा हैं।

पीएम मोदी ने महिला सशक्तीकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि बीते वर्षों में सेल्फ हेल्प ग्रुप से 8 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं जिन्हें भारत सरकार आर्थिक मदद दे रही हैं। ये करोड़ों महिलाएं अब अपने बनाए उत्पाद देशभर में बिक्री कर रही हैं, अपनी आय बढ़ा रही हैं।

युवाओं को स्किल इंडिया अभियान से मदद

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कौशल विकास योजना के तहत देश के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग देने का बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। इसके तहत अभी तक सवा करोड़ से अधिक युवाओं को स्किल इंडिया अभियान की मदद से ट्रेन किया जा चुका है। इन वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग में एक करोड़ से अधिक रोजगार बने हैं। इसमें भी बड़ी संख्या में हमारी बहनों की हिस्सेदारी है।

भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। सात-आठ साल के भीतर हमने 10वें नंबर से पांचवें नंबर तक की छलांग लगाई है। ये इसलिए संभव हो पा रहा है, क्योंकि बीते 8 वर्षों में हमने देश की अर्थव्यवस्था की उन कमियों को दूर किया है, जो रुकावटें पैदा करती थीं।

रोजगार के अभियान में जुड़ी एक और कड़ी: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेले के शुभारंभ के मौके पर कहा कि बीते आठ वर्षों में देश में रोजगार और स्वरोजगार का जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ रही है। यह कड़ी है रोजगार मेले की। आज केंद्र सरकार 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share