बुलंद आवाज़ न्यूज
गदरपुर। सोमवार को ग्राम मजरा शीला निवासी अहमद हुसैन की बेटी रियाज मीन का रुद्रपुर निवासी जरीफ अहमद के साथ निकाह था। करीब तीन बजे जरीफ अहमद की बरात दिनेशपुर मोड़ पर स्थित एक बरात घर में आई थी। निकाह के खुशनुमा माहौल में उस समय खलल मच गया जब ग्राम पीपली नायक, थाना स्वार जिला रामपुर से बरात में आए जाकिर हुसैन की डेढ़ वर्षीय बेटी इनायत अचानक गुम हो गई। अपनी मां नासरा की गोद से इनायत कब निकल गई उसको भी इसकी भनक नहीं हुई।
लोगों ने बरात घर और आसपास का सारा इलाका छान मारा लेकिन इनायत का कुछ पता नहीं चला। करीब दो घंटे बाद बरात घर में बने पानी के टैंक में इनायत का शव उतराता हुआ नजर आया। आननफानन उसे टैंक से निकालकर एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजनों ने शव देने से मना कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद थानाध्यक्ष के समझाने पर परिजन पुलिस के साथ सीएचसी गदरपुर चलने के लिए राजी हुए। वहां से पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल भेज दिया गया।






More Stories
चमोली: खैनूरी गांव की टूटी सड़क पर सीएम धामी ने लिया तत्काल संज्ञान
चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का निरीक्षण, डीएम ने शीघ्र सुधार कार्य के दिए निर्देश
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की पहल, अनाथ बच्चों के सपनों को मिलेगी उड़ान