महात्मा गांधी नेत्र चिकित्सालय व राही नेत्रधाम की ओर से आयोजित किया गया नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम  

 

देहरादून

देहरादून (08 अक्टूबर 2026): विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर आज महात्मा गांधी नेत्र चिकित्सालय, देहरादून में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जनपद देहरादून एवं ‘राही नेत्रधाम’ के संयुक्त तत्त्वावधान में एक दिवसीय नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को आंखों की विभिन्न बीमारियों, उनकी समय पर पहचान, सही इलाज और नियमित जांच के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने अपील की कि आंखों में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी नेत्र चिकित्सालय में जाकर जांच कराएं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. एस. के. झा उपस्थित रहे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, राही नेत्रधाम के संस्थापक व वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित गर्ग, वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शशि बाला वासन, नेत्र सर्जन डॉ. स्वाति तथा डॉ. शिवानी मौजूद रहे।

चिकित्सकों ने बच्चों के नेत्र स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान बच्चों की पढ़ाई, बौद्धिक विकास और आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने सीमित स्क्रीन टाइम, सही रोशनी में पढ़ने और संतुलित खान-पान की सलाह दी।

इस आयोजन में दृष्टिमितिज्ञ (ऑप्टोमेट्रिस्ट) अखिलेश शर्मा, क्षितिज बिष्ट, अनिल टम्टा, राजेंद्र देवराड़ी, सुभाष भट्ट, प्रवीण खत्री, नर्सिंग अधिकारी, आई.ओ.टी. स्टाफ तथा राही नेत्रधाम के महाप्रबंधक जितेंद्र कुमार विकल सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि “आज अपनी आंखों का ख्याल रखें, ताकि आपका आने वाला कल रोशन रहे।”

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share