बेस चिकित्सालय सिमली में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सेवा, स्थानीय मरीजों को मिलेगा लाभ

सिमली। बेस चिकित्सालय सिमली में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन कक्ष को गुरुवार को आम जनता के लिए खोल दिया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. गौरव शाह ने मरीज का परीक्षण कर पहली बार अल्ट्रासाउंड किया। लंबे समय से क्षेत्रीय जनता द्वारा की जा रही अल्ट्रासाउंड सेवा संचालन की मांग पूरी होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई।

चिकित्सालय के मुख्य फार्मेसी अधिकारी एवं जनसंपर्क अधिकारी अमर लाल नथवाल ने बताया कि अब स्थानीय मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। चिकित्सालय में प्रत्येक सप्ताह गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को रेडियोलॉजिस्ट द्वारा निर्धारित शुल्क ₹680 में अल्ट्रासाउंड जांच की जाएगी। मरीज इन दिनों खाली पेट जांच करा सकेंगे।

अन्य दिनों में ओपीडी में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का परीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार अल्ट्रासाउंड के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।

इस अवसर पर डॉ. गौरव शाह, डॉ. ध्रुवल कर्णावत, डॉ. अवधेश सारस्वत, फार्मेसी अधिकारी संजय बिष्ट, नर्सिंग अधिकारी मीनाक्षी एवं पुष्पा सहित चिकित्सालय के अन्य कार्मिक मौजूद रहे। बेस चिकित्सालय संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी एवं कार्यकारिणी के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय मरीजों ने सेवा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

स्थानीय जनता ने अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने के लिए जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग डॉ. बीपी पुरोहित तथा बेस चिकित्सालय सिमली के मुख्य फार्मेसी अधिकारी एवं जनसंपर्क अधिकारी अमर लाल नथवाल का आभार व्यक्त किया।

चिकित्सालय प्रबंधन ने क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share