स्वाइन फ्लू, डेंगू और नेपाल आपदा को लेकर रेड क्रॉस की बैठक आयोजित

देहरादून

भारतीय रेड क्रॉस शाखा देहरादून की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, चंद्रनगर में स्वाइन फ्लू, डेंगू और नेपाल में आई आपदा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने की। हिमालय वेलनेस कंपनी के डायरेक्टर डॉ. एस. फारूक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव कल्पना बिष्ट ने किया।

बैठक में डॉ. पीयूष ने स्वाइन फ्लू को लेकर कहा कि शुरुआत में स्वाइन फ्लू का संक्रमण सूअरों से मनुष्यों में आया था, लेकिन वर्तमान में यह मानव से मानव में भी फैल सकता है। उन्होंने लोगों से लक्षण गंभीर होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने और आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल में भर्ती होने की अपील की।

नेपाल में आई आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में बैठक के दौरान दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद रेड क्रॉस शाखा के अध्यक्ष डॉ. एम.एस. अंसारी ने नेपाल आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए ₹24,000 की धनराशि एकत्रित  करवाई। बैठक में निर्णय लिया गया कि संपूर्ण राशि का चेक तैयार कर जिलाधिकारी देहरादून के माध्यम से भारतीय रेड क्रॉस के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली भेजा जाएगा। सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के नाम भी प्रकाशित किए जाएंगे।

बैठक में प्रबंधन समिति के सदस्य प्रेमलता वर्मा, मुंशीर अंजुम, मोहन खत्री, जाहिद हुसैन, कुलदीप कुमार, दयानंद रतूड़ी, शिफाहत अंसारी, रमा गोयल, डॉ. बक्शी, नारायण सिंह राणा, रेनू सेमवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

bulandawaaj

बुलंद आवाज़

Share