मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹ 6 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति।
बुलंद आवाज न्यूज़
देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पंचायत भवन निर्माण के लिए अनुमन्य धनराशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। राज्य सेक्टर के अंतर्गत इस निर्णय से ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों के निर्माण को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग ₹6 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को भी मंजूरी दी है।
जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र रानीखेत के चिलियानौला में मल्टी स्टोरी पार्किंग के ऊपर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए ₹2.90 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
वहीं, जनपद रुद्रप्रयाग के विधानसभा क्षेत्र केदारनाथ के अंतर्गत ईष्ट देवी राजराजेश्वरी तालतोली मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹20 लाख, जनपद चंपावत के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में कालीगूंठ-पूर्णागिरी के विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹66.74 लाख तथा जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र कपकोट में धर्मस्व विभाग के अंतर्गत मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए ₹2.40 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए भी मुख्यमंत्री ने राहत राशि को मंजूरी दी है। जनपद चमोली में वर्ष 2026-27 में आई प्राकृतिक आपदा में मृत 16 व्यक्तियों के आश्रितों को ₹16 लाख की अनुमन्य राहत राशि स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार, जनपद उत्तरकाशी की तहसील चिन्यालीसौड़ में अतिवृष्टि एवं भूस्खलन से प्रभावित 38 परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवनों में रखे जाने के लिए तीन माह तक ₹4,000 प्रतिमाह की दर से कुल ₹4.56 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री के इन फैसलों से एक ओर जहां ग्राम पंचायतों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर विभिन्न जनपदों में विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के कार्यों को गति मिलेगी।






More Stories
वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे टैक्सी चालक जयेंद्र सिंह की सर्जरी, हालत में सुधार
बेस चिकित्सालय सिमली में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सेवा, स्थानीय मरीजों को मिलेगा लाभ
स्वाइन फ्लू, डेंगू और नेपाल आपदा को लेकर रेड क्रॉस की बैठक आयोजित